असमाजिक तत्वों ने रांची के मांडर में चार मंदिरों में स्थापित मूर्तियों को किया खंडित, क्षेत्र में तनाव

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया एनएच-75 को तीन जगह जाम, आवागमन बाधित

 

 

RANCHI (रांची)। झारखंड की राजधानी रांची के मांडर प्रखंड में असमाजिक तत्वों द्वारा एक साथ चार मंदिरों में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया है। असमाजिक तत्वों ने मंदिरों में स्थापित प्रतिमाओं को खंडित कर दिया है। जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया है।

 

कटर मशीन से किया है प्रतिमा खंडित

 

बताया जा रहा है कि राजधानी रांची के मांडर के मुड़मा में असमाजिक तत्वों ने चार मंदिरों में स्थापित भगवान की प्रतिमा को खंडित कर दिया है। बताया जा रहा है असमाजिक तत्वों ने मूर्तियों को खंडित करने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल किया है।

 

सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली, लोग लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर गए। लोगों ने सुबह ही एनएच-75 को तीन जगह जाम कर दिया है और बीच सड़क पर बैठ गए हैं। जिस कारण वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

 

जय श्री राम के नारे से गूंजता रहा इलाका

 

सड़क जाम करने वालों में सबसे ज्यादा महिलाएं हैं। वहीं महिलाओं के साथ बच्चे भी सड़क पर बैठे हैं। इस दौरान सड़क जाम कर रही महिलाएं और बच्चे जय श्रीराम के गगनभेदी नारे लगा रहे हैं। स्थिति काफी तनाव पूर्ण हो गया है। हालांकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं जाम स्थल पर मौजूद पुलिस के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के अधिकारी लोगों को सड़क खाली करने की अपील कर रहे हैं।

 

मामले की होगी जांच : इंस्पेक्टर

 

मांडर के सर्किल इंस्पेक्टर अवधेश ठाकुर ने बताया कि मूर्ति खंडित होने की घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा और आक्रोश है। सर्किल इंस्पेक्टर ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और राजमार्ग को खाली कर देने की अपील की है।

बुढ़मू में भी लोगों ने किया है सड़क जाम

बुढ़मू में भी लोगों ने सड़क को जाम कर दिया है। रांची के एसडीओ दीपक दुबे और ग्रामीण एसपी मनीष टोप्पो भी ग्रामीणों को समझा-बुझाकर एनएच को खाली कराने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीण एसपी ने कहा कि मंदिरों में मूर्ति क्षतिग्रस्त करने की घटना की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया जाएगा। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

प्रतिमा खंडित करने की घटना शर्मनाक : बंधु तिर्की

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह मांडर के पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण निंदनीय व शर्मनाक बताते हुए कहा है कि अपराधी समाज में खटास पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। समाजिक समरसता और सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश की है। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच करने और दोषियों को चिह्नित कर जेल भेजने की मांग किया है। बंधु तिर्की ने सभी धर्म, जाति और समुदाय के लोगों से ऐसी घटना के खिलाफ मुखरता से खड़े होने का आह्वान किया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement