GIRIDIH (गिरिडीह)। भाई और बहन के प्यार का प्रतीक पर्व करमा पूजा के दिन बहन के सिर से भाई का साया उठ जाने से पूरे गांव में मातम पसर गया है। हरियाणा में रहकर काम करने वाला भाई करमा पर्व मनाने ही गांव आया था। सोमवार सुबह वह बहन द्वारा मनाये जा रहे करमा पूजा के लिए तालाब में लगे कमल का फूल लाने गया था। इसी दौरान तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गयी है। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गम्भरा गांव की है।
प्राकृति के साथ मानव जीवन की एकरूपता तथा भाई बहन के परम स्नेह का तथा सभ्यता, संस्कृति और समृद्धि का प्रतीक पर्व करमा के दिन घटी इस हृदय विदारक घटना में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गंभरा निवासी राजेन्द्र प्रसाद यादव के पुत्र विजय यादव की तालाब में डूबने से मौत हो गयी। उसकी मौत से पूरे गांव में करमा पर्व का उत्साह और उमंग मातम में बदल गया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

बताया गया कि विजय यादव हरियाणा में रहकर काम करता था। करमा पर्व मनाने के लिए ही वह रविवार को गिरिडीह अपने गांव गंभरा आया था। वहीं सोमवार सुबह उसकी मौत हो गयी।
बता दे कि तीज पर्व की समाप्ति के बाद एक सप्ताह तक चलने वाले इस करमा पूजा का कार्यक्रम शुरू हो जाता है। इन एक सप्ताह के दौरान इस पर्व को लेकर गिरिडीह सदर प्रखंड में घटी यह दूसरा हादसा है। इसके पूर्व तीज पर्व की समाप्ति और करम पर्व के दिन ही पचम्बा थाना क्षेत्र में करमा पूजा के लिये तालाब से मिट्टी लाने के दौरान एक साथ चार बच्चियों की डूबने से मौत हो गई थी। उस घटना से लोग उबर भी नहीं पाये थे कि यह हादसा घटित हो गया।