हाइवा और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पत्नी की मौत, पति गम्भीर

GIRIDIH (गिरिडीह)। बिरनी प्रखण्ड के केन्दुआ पंचायत के गाण्डो मोड़ के समीप सोमवार को एक हाइवा और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही हाइवा से कुचल कर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक चालक मृतका का पति गम्भीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

 

स्थानीय लोगों ने आनन फानन में घायल को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। मृतका की पहचान बरमसिया के टाटो निवासी केदार वर्मा की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई। वहीं घायल व्यक्ति केदार वर्मा है।

 

 

जानकारी के अनुसार केदार वर्मा अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ अपनी बाइक से जरीडीह स्थित अपने ससुराल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गाण्डो मोड़ के समीप गली से निकलते ही सामने से आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में तेज रफ्तार हाइवा ने सुनीता को कुचलते हुए बाइक को घिसटते आगे बढ़ गया। जिससे सुनीता देवी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं घटनास्थल कुछ आगे जाकर हाइवा चालक सड़क किनारे हाइवा छोड़ फरार हो गया।

 

घटना की खबर मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी मृत्युंजय सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे और मृतका सुनीता के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

 

वहीं घटना की खबर पाकर सीओ सारांश जैन, प्रमुख रामु बैठा, स्थानीय मुखिया सहदेव यादव, विष्णुदेव वर्मा, टिकैत राजमणी सिंह, पंसस सलिम अंसारी, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र यादव, प्रेमचंद कुशवाहा, बासुदेव वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *