◆ कहा कि इस सड़क पर जाम की सर्वाधिक समस्या शहरी क्षेत्र में होती है उत्पन्न
GIRIDIH (गिरिडीह)। गिरिडीह-जमुआ मुख्य पथ का जेपी चौक से कल्याणडीह तक चौड़ीकरण होना है। जिसकी सारी तैयारियां शुरू हो गयी है। इतना ही नहीं फोर लेन बनने वाली इस सड़क के लिये सर्वे का काम भी शुरू कर दिया गया। सड़क चौड़ीकरण के लिये सर्वे का कार्य शुरू होने से सड़क किनारे वर्षों से बसे लोगों की धड़कने तेज हो गयी है। क्योंकि सर्वे का काम पीछे से अर्थात कल्याणडीह पचम्बा इलाके से शुरूं किया गया है। जबकि इस सड़क पर सर्वाधिक जाम की समस्या शहरी क्षेत में उत्पन्न होती है।
बता दें कि फोर लेन बनने वाले इस मुख्य पथ के किनारे कई दुकान, मकान एवं प्रतिष्ठान वर्षों से संचालित है। सड़क चौड़ीकरण में वह सभी मकान, दुकान और प्रतिष्ठान सड़क की भेंट चढ़ जायेगी। जिस कारण लोगों में काफी उहापोह की स्थिति है, बल्कि लोग सकते में भी हैं। हालांकि लोगों मे इस बात को लेकर खुशी भी है कि इस सड़क का चौड़ीकरण हो जाने से इस मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से न केवल गिरिडीह शहर वासियों को बल्कि पूरे गिरिडीह जिलावासियों को निजात मिल जाएगी।
इस मुख्य पथ पर नेताजी चौक से लेकर बोडो हवाई अड्डा मोड़ तक जाम की समस्या अक्सर बनी रहती है। जिस कारण लोगों को काफी फजीहतों का सामना करना पड़ता है। सर्वाधिक जाम की समस्या नेताजी चौक के समीप, भण्डारीडीह मवेशी अस्पताल से लेकर अलकापुरी चौक तक फिर अलकापुरी चौक से पचम्बा थाना तक अक्सर बनी रहती है। जिस कारण लोगों का लाख जरूरी काम भी अक्सर फेल हो जाता है। केंद्र सरकार ने इस सड़क की चौड़ीकरण का मार्गप्रशस्त कर गिरिडीह वासियों को जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में पहल किया है। जिसका गिरिडीह की जनता ने जोरदार स्वागत किया है।
वहीं शहर की उपनगरी पचम्बा और कल्याणडीह के निवासियों का कहना है सड़क का चौड़ीकरण सरकार की अच्छी पहल है। लेकिन चौड़ीकरण का काम शहरी क्षेत्र से ही शुरू हो, क्योंकि जाम की समस्या इस सड़क पर अत्यधिक शहरी क्षेत्र में उत्पन्न होती है। कल्याणडीह और पचम्बा इलाके में जाम की समस्या वैसी नहीं होती जैसा नेताजी चौक पर, भण्डारीडीह मवेशी अस्पताल से मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस तक और आगे पचम्बा थाना तक रहती है। उपनगरी पचम्बा निवासी मनोज गुप्ता, उमेश साव, सुनील ठाकुर, अमित साहू, शम्भू साहू, गंगा प्रसाद आदि ने जिला प्रशासन और एनएचआई के अधिकारियों से मांग किया है जब सड़क चौडीकरण का काम जेपी चौक (टावर चौक) से कल्याणडीह तक होना है। इसलिये इसके कार्य का शुभारंभ भी शहरी क्षेत्र के टावर चौक से ही किया जाय।