महिला पर गिरा दीवार, मलबे में दब कर महिला की दर्दनाक मौत

बाल बाल बची मृतका की 5 वर्षीया पुत्री

 

GARHWA (गढ़वा)।  मिट्टी की दीवार गिरने से उसमे दब कर एक महिला की मौत हो गयी। घटना शनिवार सुबह जिले के बिशुनपुरा प्रखंड के पिपरीखुर्द गांव की है। मृतका पिपरीखुर्द गांव निवासी कुंवर पासवान की 30 वर्षीय पत्नी रिशा देवी थी। हालांकि घटना में महिला रिशा देवी के साथ मौजूद उसकी पांच साल की बेटी माही कुमारी बाल-बाल बच गई।

बच्ची को शौच कराने जा रही थी रिशा :

 

जानकारी के अनुसार रिशा देवी अपनी बच्ची माही को शौच कराने गली से खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान घर की मिट्टी की दीवार अचानक भर-भराकर उसके ही उपर गिर पड़ी। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग घर से निकले तो रिशा मिट्टी के मलबे के नीचे दबा देखा। आनन फानन में ग्रामीणों ने मिट्टी का मलबा हटा उसे बाहर निकाला तथा प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल बिशुनपुरा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन उसे लेकर सदर अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पति करता है मजदूरी, रहता है बाहर :

 

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतका की 5 वर्षीया पुत्री की भी आंसू रुक नहीं रहे है। माँ के शव से चिपक कर वह उसे बार बार उठने की जिद्द कर रही है। परिजनों ने बताया कि मृतका का पति कुंवर पासवान गांव से बाहर रहकर काम करता है। उसके आने के बाद ही रिशा देवी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव की महिला व पुरुषों कुंवर पासवान के घर तांता लगा हुआ है। लोग परिजनों से मिल उन्हें को ढांढस बंधा रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement