नीतीश कुमार को पलटू राम कहना सपा नेता आशुतोष सिंह को पड़ा महंगा

◆सपा ने आशुतोष सिंह को पार्टी से किया निष्कासित

 

निष्कासन सम्बन्धी जारी पत्र

लखनऊ (UTTAR PRADESH)। बिहार में पलटी मारकर नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ सरकार बना ली है। जिसके बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां नीतीश पर लगातार निशाना साध रही हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेता आशुतोष सिंह को नीतीश कुमार पर तंज कसना मंहगा पड़ गया।

 

सपा नेता आशुतोष सिंह ने नीतीश कुमार के पलटी मारने के बाद पलटू राम के होर्डिंग लगाए थे। इससे नाराज होकर समाजवादी पार्टी ने पूर्व सचिव युवजन सभा आशुतोष सिंह को निष्कासित कर दिया है। उनके खिलाफ अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार सिंह ने लेटर जारी करते निष्कासन की वजह बताई है।

सपा कार्यालय के बाहर लगाए होर्डिंग

सपा नेता आशुतोष सिंह ने सपा कार्यालय के बाहर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को पलटू राम बताते हुए होर्डिंग लगाए थे। ब‍िहार में सरकार बदलने के बाद नीतीश कुमार को पलटू राम कहा जा रहा है। सपा ने इन पोस्टर को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि माना है। जिसके बाद सपा कार्यालय प्रभारी अरविन्द कुमार सिंह को आशुतोष सिंह को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

 

नीतीश कुमार ने 5वीं बार बदला पाला

बिहार में एक बार फिर पाला बदलते हुए नीतीश कुमार ने नए गठबंधन के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। नीतीश के साथ 8 मंत्रियों ने भी शपथ ली। बिहार में 9वीं बार सीएम पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि वो अब इधर-उधर नहीं जाएंगे। आपको बता दें कि अभी तक वो 5 बार पाला बदल चुके हैं। ऐसे में उनका बयान विपक्ष के लोगों के लिए चौंकाने वाला है।

रिपोर्ट : एजेंसी