राज्य स्तरीय युवा उत्सव में गिरिडीह के स्कॉलर बीएड कॉलेज के कलाकारों ने बांधा समा

◆राज्यपाल ने किया स्कॉलर बीएड कॉलेज के टीम की सराहना, मोमेंटो देकर किया सम्मानित
Advertisement

 

 

GIRIDIH (गिरिडीह)। नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा रांची विश्वविद्यालय के आर्य भट्ट सभागार में दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2023 का आयोजन 08 एवं 09 दिसंबर को किया गया। जिसमे भाग लेने गिरिडीह की स्कॉलर बीएड कॉलेज की टीम रांची पहुंची थी। कार्यक्रम का उद्घाटन महामहिम राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने किया।

 

स्कॉलर बीएड कॉलेज की अभूतपूर्व प्रस्तुति ने मन मोहा

 

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में स्कॉलर बीएड कॉलेज, गिरिडीह के कलाकारों ने राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति में राजस्थान की पारंपरिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर जहां अतिथियों का मन मोह लिया वहीं कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। स्कॉलर बीएड कॉलेज के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन का सभागार में उपस्थित दर्शकों समेत सभी आगत अतिथियों ने सराहना की और नृत्य की समाप्ति पर खड़े होकर पूरी टीम का अभिनंदन किया। वहीं नृत्य समाप्ति उपरांत राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने इस राजस्थानी लोकनृत्य प्रस्तुति के सभी प्रतिभागियों को मेमेंटो देकर सम्मानित किया।

 

उद्घाटन कार्यक्रम में ये सभी थे उपस्थित

 

इस समारोह में नेहरू युवा केन्द्र की राज्य निदेशक हनी सिन्हा, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा, युवा कार्य,खेल,पर्यटन एवं कला विभाग के सचिव मनोज कुमार एनएसएस कॉर्डिनेटर डॉ ब्रजेश कुमार,नेहरू यूूवा केन्द्र के गिरिडीह जिला कॉर्डिनेटर रवि कुमार मिश्रा के अलावे विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं गवर्नर हाउस के पदाधिकारीगण मुख्य रूप से उपस्थित थे।

 

जिला स्तरीय युवा उत्सव में हुई थी टीम चयनित

 

बता दें कि नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव मे वही प्रतिभागी शामिल हुए जिन्होंने जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। बीते 27 सितंबर को नेहरू युवा केन्द्र द्वारा ज़िला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन गिरिडीह में किया गया था। जिसमे स्कॉलर बी एड कॉलेज की टीम लोकनृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिये चयनित हुई थी।

 

शिवानी बक्सी एवं ग्रुप में थी शामिल

 

स्कॉलर बी एड कॉलेज की प्राचार्य डॉ शालिनी खोवला के दिशानिर्देशन में कोरियोग्राफ़र अजीत कुमार के नृत्य निर्देशन में स्कॉलर बीएड कॉलेज की टीम में शिवानी बक्शी, बरनजीत कौर, सोनाली मुर्मू, सुनंदिनी कुमारी, प्रियंका मुर्मू, दीपाली हंसदा, अंजू रानी, सुशीला हेंब्रम, सोनाली कुमारी एवं सहेज कौर शामिल थी। जिन्होंने राज्य स्तरीय युवा उत्सव में लोक नृत्य में गिरिडीह ज़िला का प्रतिनिधित्व की।

 

दीपक और अनुराग ने भी किया प्रतिनिधित्व

वहीं स्कॉलर बीएड कॉलेज के ही दीपक राणा ने जिला स्तरीय युवा उत्सव में कविता लेखन में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यस्तरीय युवा उत्सव के लिये चयनित हुए थे। जबकि गिरिडीह कॉलेज के अनुराग सागर मोबाइल फोटो ग्राफी में प्रथम स्थान पाकर स्कॉलर बीएड कॉलेज की टीम के साथ राज्य स्तरीय युवा उत्सव में गिरिडीह ज़िला का प्रतिनिधित्व किया।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *