राजधनवार के केंदुआ मोड़ में हुआ सड़क हादसा, एक युवक की मौत एक गंभीर

◆मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

 

GIRIDIH (गिरिडीह)। राजधनवार प्रखण्ड अंतर्गत राँची-दुमका मुख्य मार्ग केंदुआ मोड़ के पास बुधवार की रात एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार के मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई है। जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया।

 

 

मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी संतोष साव के 23 वर्षीय पुत्र सचिन साव के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान पड़रिया के ही निवासी 24 वर्षीय रामविनय यादव के रूप में हुई।

 

 

घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार बिरनी प्रखंड के पड़रिया गांव निवासी दोनो युवक बाइक से राजधनवार से अपने गाँव पड़रिया लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने केंदुआ मोड़ के पास उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं घटना को अंजाम दे ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर समेत मौके से फरार हो गया।

 

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजधनवार ले गए जहां डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर सुन बिरनी प्रमुख रामु बैठा और माले नेता रामसहाय यादव अस्पताल पहुँचे और सारी वस्तु स्थिति से अवगत हुए। इस दौरान चिकित्सक ने रामविनय का प्राथमिक उपचार कर उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु उसे धनबाद रेफर कर दिया। वहीं घटना की सूचना पाकर परसन ओपी पुलिस घटनास्थल पहुंची और मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर थाने चली गयी। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।