फुसरो में निर्मला देवी बनीं नई चेयरमैन

BOKARO : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत फुसरो नगर परिषद क्षेत्र की मतगणना चार चरणों में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसमें कुल 34,612 विधिमान्य मतों की गणना की गई। पारदर्शी प्रक्रिया के बीच सभी अभ्यर्थियों और उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में मतगणना पूरी हुई, जिसके बाद घोषित परिणामों में निर्मला देवी ने 12,780 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर निर्णायक बढ़त बनाते हुए चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की।

इस मुकाबले में ममता देवी को 10,277 मत मिले और वे दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बीना कुमारी को 6,924 मत प्राप्त हुए। अन्य अभ्यर्थियों में सहोदरी देवी को 1,445, प्रतिभा देवी को 1,017, अनु कुमारी को 605, संगीता देवी को 587, फुलेश्वरी कुमारी को 509 और शकुन्तला देवी को 468 मत मिले। मतगणना के चारों चरणों में निर्मला देवी लगातार बढ़त बनाए रहीं, जिससे उनकी जीत स्पष्ट होती गई। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

पूरी मतगणना प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी तथा निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ मुकेश मछुआ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा और व्यवस्था की निगरानी में मुस्तैद रहे। प्रशासन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई तथा सभी अभ्यर्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।