सुबह की घेराबंदी में पकड़ी गई नकली शराब की खेप

कथारा में नकली विदेशी शराब का भंडाफोड़, टाटा मैजिक जब्त

BOKARO : कथारा क्षेत्र में चल रहे नकली विदेशी शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा मैजिक वाहन के साथ भारी मात्रा में शराब और उसे तैयार करने के उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कथारा ओपी पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब साढ़े चार बजे कथारा बस्ती मिडिल स्कूल के समीप गश्ती दल ने संदिग्ध टाटा मैजिक (नंबर JH01CX-7876) को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। सशस्त्र बल की मदद से घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया गया। अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर चालक और उसका सहयोगी फरार हो गए।

वाहन की तलाशी में किंग्स गोल्ड, रॉयल गोल्ड कप व्हिस्की, आइकॉनिक, मैकडॉवेल्स और बी-7 ब्रांड के नाम पर बड़ी संख्या में नकली शराब की बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा करीब 20 लीटर तैयार शराब, 35 लीटर स्पिरिट, बोतल सील करने की मशीन, विभिन्न कंपनियों के सैकड़ों ढक्कन, स्टीकर और 2250 बारकोड भी जब्त किए गए। इससे स्पष्ट है कि मौके पर ही नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

मामले में गोमिया (कथारा ओपी) थाना कांड संख्या 26/26 के तहत बीएनएस-2023 की विभिन्न धाराओं और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश प्रजापति के नेतृत्व में रवि कुमार चौरसिया, कृष्णानंद पाठक, अन्धरीयस धान, आरक्षी सुनील कुमार, मु. अमीरूज्जमा, संजय कुमार और निजी चालक हरिकेष पटेल शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें और अफवाहों से बचें। कानून हाथ में लेने या अपुष्ट खबरों को सोशल मीडिया पर साझा करने से परहेज करने की सलाह दी गई है।