हरित ऊर्जा का संदेश लेकर बोकारो की सड़कों पर उतरा ओएनजीसी

बोकारो : सीबीएम एसेट, ओएनजीसी, बोकारो की ओर से सक्षम 2026 के तहत ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सक्षम (संरक्षण क्षमता महोत्सव) तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनियों द्वारा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित वार्षिक कार्यक्रम है। इस वर्ष 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” थीम के साथ विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

अभियान के अंतर्गत 14 फरवरी 2026 को एक जागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे ओएनजीसी कार्यालय, नयामोड़ से शुरू हुई यह रैली गांधी चौक तक पहुंची और वहां से वापस कार्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। वॉकाथॉन का नेतृत्व एसेट मैनेजर टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर ने किया। इस अवसर पर एसेट सपोर्ट मैनेजर बिपिन कुमार, हेड वेल सर्विसेज विकास चंद्र सिंह, हेड फाइनेंस अक्षय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में ओएनजीसी के अधिकारियों के साथ उनके परिवारजनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त प्लेकार्ड लेकर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया। आयोजन के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में सार्थक पहल की गई।