बोकारो में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में मीडिया कोषांग की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन से संबंधित प्रचार-प्रसार गतिविधियों, मीडिया समन्वय, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और Model Code of Conduct के अनुपालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने आगामी मतदान दिवस के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक चैनलों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाया जाए। विशेष रूप से युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वालों को लक्षित करते हुए अभियान चलाने पर बल दिया गया। 
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार को जनसंपर्क विभाग का वरीय पदाधिकारी बनाया गया। वे मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्ति निर्गत करने, प्रचार सामग्री के अनुमोदन और सूचना के सुव्यवस्थित प्रसार की निगरानी करेंगी। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी सूचनाएं समय पर और सटीक रूप से आम जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने नोडल पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार को समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग आवश्यक है ताकि किसी भी स्तर पर आचार संहिता का उल्लंघन न हो। भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर तत्काल संबंधित प्राधिकार को सूचित कर कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

