बोकारो : ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसंपत्ति प्रबंधक श्री टी. आर. उन्नीकृष्णन नायर दिनांक 31.05.2026 को सेवानिवृत्त हो गए। श्री नायर ने 01 अप्रैल 2025 को ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसंपत्ति प्रबंधक का पदभार ग्रहण किया था।
श्री नायर के 1 वर्ष के बेहतरीन कार्यकाल में ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। इस दौरान हजारीबाग जिले के नॉर्थ करनपुरा ब्लॉक से गैस की बिक्री प्रारंभ की गई, जिससे ओएनजीसी को राजस्व प्राप्त हो रहा है और सरकार को रॉयल्टी भी दी जा रही है। श्री नायर के कार्यकाल के दौरान ही बोकारो जिले के अंतर्गत झरिया में भी गैस मुद्रीकरण (Monetization) की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे यहाँ से भी गैस की बिक्री जल्द शुरू होगी।

श्री नायर के दिशा-निर्देशन में सीएसआर (CSR) के अंतर्गत ओएनजीसी ने अपने परिचालन क्षेत्र के अलावा झारखंड राज्य के आकांक्षी जिलों में भी कई जनहित परियोजनाओं का कार्यान्वयन किया। इनमें मुख्य रूप से ग्रामीण विकास, पेयजल, शिक्षा, ग्रीन एनर्जी, महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य तथा जल संरक्षण जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण कार्य किए गए, जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सीधा लाभ पहुँचा।
इसके साथ ही, सीएसआर के एससी-एसटी कॉम्पोनेंट प्लान (SC/ST Component Plan) के तहत बोकारो जिले के विभिन्न विद्यालयों में कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई एवं आवासीय विद्यालयों के लिए आवश्यक पठन-पाठन सामग्री का वितरण भी किया गया।

श्री राजीव कुमार सिन्हा द्वारा दिनांक 01.06.2026 को सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो के परिसम्पत्ति प्रबंधक पद का कार्यभार ग्रहण किया गया। उद्योग जगत में 35 वर्षों से अधिक का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखने वाले श्री सिन्हा जी का करियर बेहद शानदार रहा है।
उन्होंने वर्ष 1991 से 2003 तक मुंबई हाई (MH) एसेट और बी एंड एस एसेट के ऑफशोर कंस्ट्रक्शन ग्रुप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद, 2003 से 2021 तक उन्होंने हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (DGH) में अपनी सेवाएं दीं, जहाँ वे मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) के शीर्ष पद तक पहुँचे। वर्ष 2021 से 2024 के दौरान उन्होंने नाज़िरा (असम) में फ्रंट एंड जियोमैटिक्स (FEG) और विभिन्न प्रमुख प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया। बोकारो आने से ठीक पहले, 2024 से 2026 तक वे मेहसाणा में SAM-5 के साथ-साथ तकनीकी सेल एवं विपणन (Marketing) प्रभारी के रूप में कार्यरत थे।
पूरी उम्मीद है कि श्री सिन्हा जी के इस दीर्घकालिक तकनीकी व प्रबंधकीय अनुभव और कुशल नेतृत्व में सीबीएम परिसंपत्ति, बोकारो अपनी प्रगति का निरंतर प्रसार करेगी तथा देश, राज्य एवं समाज के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देते रहेगी।
