ईएसएल की #RunForZeroHunger वॉकथॉन में 500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

हर कदम के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचेगा भोजन

बोकारो, 2 अक्टूबर: ईएसएल स्टील लिमिटेड की ओर से गांधी जयंती पर #RunForZeroHunger वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वेदांता समूह के इस अभियान में 500 से अधिक कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

अभियान के तहत प्रतिभागियों द्वारा तय की गई प्रत्येक किलोमीटर की दूरी के बदले एक जरूरतमंद व्यक्ति के लिए भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह भोजन नंद घर और पशु देखभाल से जुड़ी पहलों के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन के जरिए स्वस्थ रहने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ईएसएल स्टील लिमिटेड के सीईओ एवं होल टाइम डायरेक्टर रविश शर्मा के संबोधन से हुई। इस अवसर पर चास के एएसपी वेदांत शंकर और सियालजोरी थाना प्रभारी रंजीत यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को फिटनेस और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

रविश शर्मा ने कहा कि #RunForZeroHunger वॉकथॉन केवल फिटनेस से जुड़ा आयोजन नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद की दिशा में सामूहिक प्रयास भी है। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों की भागीदारी की सराहना की।

वॉकथॉन में ईएसएल के वरिष्ठ अधिकारियों, निदेशकों, विभागाध्यक्षों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर सीएचआरओ श्यामली मिंज, सीएफओ प्रह्लाद रावत और हेड-पीआर एवं स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट संजय कुमार सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

वॉकथॉन का समापन लाल बहादुर शास्त्री चौक पर हुआ, जहां प्रतिभागियों ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। समापन अवसर पर रविश शर्मा ने प्रतिभागियों के सहयोग और उत्साह के लिए आभार जताया।

प्रतियोगिता में सुरक्षा विभाग के प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। युवा प्रतिभागियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। ईएसएल कर्मचारी प्रकाश कुमार सिंह के 15 वर्षीय बेटे ओम सिंह ने चौथा और कर्मचारी पन्नाल चौरसिया के 15 वर्षीय बेटे रूपेश चौरसिया ने छठा स्थान हासिल किया।

ईएसएल स्टील के अनुसार, #RunForZeroHunger जैसी पहलों के जरिए कंपनी फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। अभियान का संदेश है कि स्वस्थ जीवनशैली के साथ सामाजिक सरोकार को भी जोड़ा जा सकता है।