प्रचंड का दावा- नेपाल में सोशल मीडिया अल्गोरिदम का प्रयोग लोकतंत्र के लिए खतरा

काठमांडू : नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने कहा है कि सोशल मीडिया अल्गोरिदम से जिस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, वह देश के चुनाव के लिए और देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बना हुआ है।

सोमवार को काठमांडू में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रचंड ने कहा कि विश्व साम्राज्यवाद विभिन्न देशों में भू-राजनीतिक हस्तक्षेप कराने के लिए सोशल मीडिया आधारित दिखावटी गतिविधियों (स्टंट्स) का उपयोग कर रहा है और नेपाल भी इस प्रभाव से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि विचारधारा, राजनीतिक सिद्धांत, इतिहास या विरासत के बिना कुछ लोग केवल सोशल मीडिया के सहारे लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए एक बढ़ती हुई चुनौती है।

प्रचंड ने इन प्रवृत्तियों का मुकाबला करने के लिए नए संकल्प और गंभीर राजनीतिक पुनर्मूल्यांकन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र और जनता के प्रति समर्पित राजनीति को फिर से सशक्त रूप में आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने माना कि वर्तमान समय सोशल मीडिया और सूचना प्रौद्योगिकी से संचालित है, लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जमीनी स्तर पर जनता से सीधा संवाद ही सबसे प्रभावी राजनीतिक तरीका बना हुआ है।