कोडरमा में 150 नंद घर स्थापित होंगे, एमओयू से ग्रामीण विकास को बल

कोडरमा: ग्रामीण विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नंद घर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और उपायुक्त ऋतुराज मौजूद रहे। इस पहल के तहत कोडरमा जिले में 150 नंद घर विकसित किए जाएंगे।

यह केंद्र बच्चों को पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर भी प्रदान करेंगे। बोकारो में पहले से संचालित 150 नंद घरों की सफलता के बाद अब इस योजना का विस्तार कोडरमा तक किया जा रहा है।

इस परियोजना में वेदांता समूह की सहायक कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत सहयोग देगी। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि यह पहल पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगी। वहीं नंद घर के सीईओ शशि अरोड़ा ने इसे महिलाओं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

ईएसएल स्टील लिमिटेड के डिप्टी सीईओ रवीश शर्मा ने कहा कि कंपनी समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।