काठमांडू : त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई दुर्घटना के डेढ़ वर्ष बाद निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी सौर्य एयरलाइन्स को उड़ान संचालन की अनुमति मिल गई है।
पोखरा के लिए 24 जुलाई, 2024 को उड़ान भरने के दौरान काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सौर्य एयरलाइन्स का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान ने रनवे 02 से उड़ान भरी थी और टेक ऑफ के कुछ ही सेकेंड के बाद पूर्व दिशा में रनवे 20 के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान सी–चेक नामक विस्तृत तकनीकी निरीक्षण के लिए काठमांडू से पोखरा जा रहा था। दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार 19 लोगों में से कैप्टन मनीष शाक्य को छोड़कर 18 लोगों की मौत हो गई थी।
इसके बाद नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने सौर्य एयरलाइन्स का एयरक्राफ्ट ऑपरेटर सर्टिफिकेट (एओसी) अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया था। प्राधिकरण ने सोमवार को सौर्य एयरलाइन्स के एओसी का नवीनीकरण करते हुए पहले लगाया गया निलंबन भी हटा दिया। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल के अनुसार यह नवीनीकरण जनवरी, 2027 तक मान्य रहेगा।

