GIRIDIH (गिरिडीह)। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के कोवाड जंगल से मंगलवार सुबह जमुआ पुलिस ने एक विवाहिता का शव बरामद किया। जंगल मे शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। वहीं घटनास्थल पर काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। मृतका की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के काजीमगहा गांव निवासी मोहम्मद राशिद की पत्नी शाहीन परवीन के रूप में हुई।
शव की शिनाख्ति के बाद जमुआ थाना प्रभारी सह डीएसपी नीलम कुजूर, एसडीपीओ साजिद जफर ने मृतका के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के भाई अमानत ने बताया कि उसकी बहन की 2022 में काजीमगहा गांव के राशिद के साथ लव मैरिज हुई थी। राशिद दुबई में काम करता है। शादी के बाद से ही उसकी सास शामिला और मौसी सास संजीला अक्सर उसे मायके से पैसे मांग कर लाने हेतु प्रताड़ित करती थी। इतना ही नहीं कई बार उन लोगों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी थी।
भाई अमानत ने बताया कि उसकी बहन शाहीन बीते शुक्रवार से ही अपने ससुराल से लापता थी। इस बाबत उसने जमुआ थाना में अपनी बहन की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करने हेतु एक आवेदन दिया था। जिसमे उसने शाहीन की सास, मौसी सास, मौसेरा देवर गुड्डू खान समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर उसकी हत्या करने की आशंका जाहिर की थी।
उक्त आवेदन के आलोक में जमुआ पुलिस ने जब नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछ ताछ की तो सास शामिला और मौसी सास संजीला टूट गयी और उन्होंने शाहीन का शव कोवाड़ जंगल मे पड़े होने की बात स्वीकार की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जंगल में छापेमारी कर शव को बरामद किया।
वहीं पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल में जुटी है। इस दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के ससुराल पक्ष के जिन लोगों को हिरासत में लिया है। जिनमे मृतका की सास शामिला, मोसी सास सजीला आदि शामिल है। उन सभी से गहन पूछताछ करने में जुटी है।