[राजेश कुमार]
गिरिडीह। हेमन्त सोरेन के इस्तीफा के बाद चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। गुरुवार देर रात राज्यपाल ने चंपई सोरेन को सरकार बनाने का न्यौता दिया। आज चंपई सोरेन झारखण्ड के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे फिर उनके नेतृत्व में झारखण्ड में नई सरकार का गठन हो जायेगा।
लेकिन अब गांडेय का क्या होगा? यह सवाल गांडेय के लोगों के दिल मे हिलोर मार रहा है। गांडेय तो विधायक विहीन हो गया है। यहां से विधायक रहे डॉ सरफराज अहमद ने बीते 31 दिसम्बर को अपने विधायक के पद से इस्तीफा दे दिया है।
उनके इस्तीफे के बाद यह बात उभर कर सामने आई थी कि ईडी कभी भी हेमन्त सोरेन को गिरफ्तार कर कर सकती है। उसके पूर्व हेमन्त सोरेन मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देकर झारखण्ड के मुख्यमंत्री के पद पर अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को बतौर उत्तराधिकारी मुख्यमंत्री बनाएंगे और उन्हें गांडेय सीट से चुनाव लड़ायेंगे। क्योंकि गांडेय विधानसभा क्षेत्र सुरक्षित सीट है। यह आदिवासी और मुस्लिम बाहुल्य इलाका है। यहां से यदि कल्पना सोरेन चुनाव लड़ती हैं ति उनकी जीत निश्चित है।
लेकिन जानकारों की माने तो हेमन्त की गिरफ्तारी के पूर्व हुई विधायक दल की बैठक में कल्पना सोरेन को विधायक दल का नया नेता चुने जाने को लेकर विवाद हो गया। सीता सोरेन ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने दो टूक कहा दिया कि कल्पना राजनीतिक महिला नही है। जबकि वह विधायक होने के साथ साथ उनसे बड़ी भी है। वहीं लोबिन हेम्ब्रोम भी सीएम पद के लिए कल्पना सोरेन का नाम सुझाए जाने से खुश नहीं थे। उन्होंने इस बात पर विरोध जता दिया।
अंततः दल के भीतर और पारिवारिक विवाद के चलते हेमन्त ने चंपई सोरेन को विधायक दल का नया नेता चुना। जिसका समर्थन लोबिन हेम्ब्रोम और सीता सोरेन ने भी कर दिया। साथ ही गठबंधन दल के अन्य विधायकों के साथ सीपीआईएमएल के एक मात्र विधायक विनोद सिंह ने भी समर्थन किया। जिनके नेतृत्व में आज नये सरकार का शपथ ग्रहण होगा।
राज्यपाल द्वारा सरकार गठन का न्यौता मिलने के बाद झारखण्ड की राजनीति में उठी भूचाल पर तो विराम लग गया। लेकिन अब गांडेय का क्या होगा? यह एक यक्ष प्रश्न बन गया है। क्या इस सीट के लिये चुनाव होगा? यदि चुनाव होगा तो अब इस सीट के लिये झामुमो का कौन उम्मीदवार होगा? डॉ सरफराज ने तो स्वंय ही व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर इस्तीफा दे दिया है। उन्हें दुबारा टिकट देने क्या न्यायोचित होगा। यदि उन्हें टिकट नहीं मिला तो फिर गांडेय से झामुमो का अगला उम्मीदवार कौन??