GIRIDIH (गिरिडीह)। गिरिडीह-देवघर NH 114 A पर महुआर स्थित टोल प्लाजा के समीप एक तेल टैंकर की चपेट में आने से एक टेंपो चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये।
मृतक टेंपो चालक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र
के महुआर के छताबाद गांव निवासी राधिक पासी के रूप में हुई। दुर्घटना के बाद लोगों ने तत्काल घटना की सूचना बेंगाबाद थाना को दी। सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस सदलबल घटनास्थल पर पहुंची और मुख्य पथ पर लगी लोगों की भीड़ को हटाने में जुट गई।
इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर हटाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक राधिक पासी घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था। उसके बदौलत ही उसके परिवार का भरण पोषण होता था। उसकी मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।