गिरिडीह में हुई भीषण सड़क दुर्घटना, साला-बहनोई की मौत, दो गम्भीर

GIRIDIH (गिरिडीह)। गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग के ताराटांड थाना क्षेत्र के बड़कीटांड में गुरुवार की अहले सुबह हुई भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी। वहीं इस दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में मधुपुर निवासी 32 वर्षीय सागर वर्मा और सदर प्रखंड के उदनाबाद निवासी 30 वर्षीय रूपेश वर्मा शामिल हैं। दोनों मृतक रिश्ते में साला-बहनोई बताये जाते हैं।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार एक स्विफ्ट डिजायर कार से चार लोग लड़की को विदा कराने बंगाल के वीरभूम जा रहे थे। इसी दौरान बड़कीटांड़ के समीप कार असंतुलित हो सड़क किनारे स्थित जंगल में जा घुसी और एक पेड़ से जा टकरायी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गये, और कार में सागर वर्मा और रूपेश वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

 

 

घटना के बाद काफी संख्या में स्थानीय लोग घटना स्थल पर जुट गये। वहीं सूचना मिलते ही तारातांड थाना प्रभारी प्रदीप महतो भी सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा। वहीं मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। इधर घटना की खबर पाकर उदनाबाद गांव से परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। जहां शवों के देख परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement