रेड क्रॉस के नव निर्वाचित चेयरमेन ने रक्त अधिकोष को हर सम्भव सहयोग का दिया भरोसा

GIRIDIH (गिरिडीह)। रेड क्रॉस के नव निर्वाचित चेयरमेन व रक्त अधिकोष के सचिव अरविंद कुमार चेयरमेन बनने के बाद गुरुवार को सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष पहुंचे और वहाँ की वस्तुस्थिति से अवगत हुए।

 

इस दौरान उन्होंने एक ब्लड डोनर को जूस के स्थान पर कर्मियों द्वारा टॉफी देते देखा। जिस पर उन्होंने रक्त अधिकोष के कर्मियों से जूस की उपलब्धता की जानकारी ली। कर्मियों ने बताया कि ब्लड डोनर को देने हेतु फिलवक्त जूस उपलब्ध नहीं है। साथ ही ब्लड बैंक के अंदर इस्तेमाल हेतु स्लीपर भी उपलब्ध नहीं है।

 

कर्मियों की बात सुन रेड क्रॉस के नव निर्वाचित चेयरमेन व रक्त अधिकोष के सचिव अरविंद कुमार ने तुरंत रक्त अधिकोष के लिये एक कार्टून जूस और 5 जोड़ी स्लीपर की व्यवस्था करवाई। जिसके बाद रक्तदाताओं को कर्मियों द्वारा जूस उपलब्ध कराया गया।

 

मौके पर श्री कुमार ने ब्लड बैंक में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने की सलाह कर्मियों को दी। उन्होंने रक्त अधिकोष के कर्मियों से कहा कि कोई भी जरूरत हो निःसंकोच इसकी जानकारी उन्हें दें। सभी समस्याओं के हरसंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा।

 

 

इस दौरान उन्होंने कई जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की व्यवस्था भी करवायी। मौके पर रेड क्रॉस के सक्रिय सदस्य रिंकेश कुमार ने एक मरीज की जान बचाने के लिए रक्तदान किया। मरीज के परिजनों ने उनका धन्यवाद किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement