GIRIDIH (गिरिडीह)। झारखंड सीआईडी द्वारा तैयार किया गया प्रतिबिंब ऐप तेजी से कामयाबी की ओर बढ़ रहा है। इसी प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से गिरिडीह पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबिंब एप के माध्यम से प्राप्त नंबरों के आधार पर गिरिडीह पुलिस द्वारा एक टीम गठित कर जिले के सरिया थाना क्षेत्र में साइबर डीएसपी संदीप सुमन के नेतृत्व में छापेमारी कराई गई। जहां से 2 साइबर अपराधियों को गिरफ्तारी किया गया।
बताया गया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना पर टीम गठित कर छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों में एक महिला भी शामिल है। इनके पास से पुलिस ने 5 मोबाइल और छह सिम बरामद किए हैं।
बताया गया कि दोनों साइबर अपराधी आम लोगों से व्हाट्सएप चैट एवं न्यूड वीडियो कॉलिंग के माध्यम से स्क्रीनशॉट लेकर उसके पिक्चर को मॉर्फिंग कर एवं स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ब्लैकमेल करते हुए पैसा की ठगी करते थे। गिरफ्तार अपराधियों में विकास मण्डल, पिता तोडी मण्डल एवं सृष्टि कुमारी पति सिकन्दर मंडल शामिल है।
दोनों सरिया थाना क्षेत्र के नगर केशवारी के निवासी हैं। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक अन्य सिकन्दर मण्डल पिता तोड़ी मण्डल को नामजद किया है। गिरफ्तार दोनों साइबर अपराधी रिश्ते में देवर भौजाई बताये जाते हैं।