माइका फैक्ट्री के अंदर दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत, दो घायल

◆ पोस्टमार्टम हाउस के समक्ष परिजनों ने दिया धरना, मृतक की आश्रिता को फैक्ट्री मालिक ने दिया मुआवजा राशि
शव से लिपट रोते बिलखते परिजन

GIRIDIH (गिरिडीह)। नगर थाना क्षेत्र के सर्कस मैदान के समीप स्थित इंडियन यूनियन इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री (अंजना माइका फैक्ट्री) के अंदर सोमवार को दीवार गिरने से एक मजदूर की मौके पर मौत हो गयी। जबकि हादसे में दो अन्य मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक मजदूर की पहचान सिहोडीह निवासी तुलो दास (55 वर्ष)पिता मंगली दास के रूप में की गई है।जबकि घायल मजदूरों में एक मिस्त्री संतोष कुमार और एक अन्य मजदूर भगत राम मुफ्फसिल थाना  क्षेत्र के पुरनानगर निवासी शामिल है।

 

घटना के बाद आनन-फानन में फैक्ट्री संचालक लखी प्रसाद गौरिसरिया दीवार के मलबे को हंटा कर तीनों मजदूरों को गिरिडीह सदर अस्पताल लाएं। जहां चिकित्सकों ने तुलो दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों घायल मजदूरों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

 

 

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी आरएन चौधरी भी सदलबल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। बताया गया कि सिहोडीह निवासी तुलो दास पिछले कई वर्षों से सर्कस मैदान के समीप स्थित अंजना माइका फैक्ट्री की उस यूनिट इंडियन यूनियन इलेक्ट्रॉनिक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता था।

 

शव से लिपट कर रोती पत्नी

सोमवार को वह फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री के अंदर की एक पुरानी दीवार टूटकर गिर गई। घटना में तुलो दास समेत तीन मजदूर दीवार के मलबे में दब गये। जिसमे तुलो दास की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

घटना के बाद एक ओर जहां परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वंही मृतक के परिजनों, माले और झामुमो नेताओं के साथ फैक्ट्री के मालिक के बीच मुआवजे की राशि को लेकर बातचीत हुई।

 

मुआवजा राशि का चेक देते फैक्ट्री संचालक

माले नेता राजेश सिन्हा, झामुमो के अभय सिंह समेत कई अन्य मौजूद लोगों के दबाब के बाद फैक्ट्री मालिक ने मृतक की आश्रिता पत्नी लिलिया देवी को 6 लाख 95 हजार 650 देने पर अपनी सहमति जताया और ऊक्त राशि का चेक मृतक की पत्नी को सौंप दिया। वहीं फैक्ट्री संचालक ने मृतक के अंतिम संस्कार हेतु तत्काल 25 हजार रुपये नगद प्रदान किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement