तिसरी के व्यवसायी बंधु चंदन वर्णवाल और अंशु वर्णवाल हत्याकांड का आरोपी दया रविदास गिरफ्तार

◆ जमुई पुलिस ने कुख्यात अपराधी दया रविदास को गिद्धेश्वर जंगल के समीप किया गिरफ्तार

 

GIRIDIH (गिरिडीह)।  जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के व्यवसायी बंधु चंदन वर्णवाल और अंशु वर्णवाल हत्याकांड सहित दो मामले में फरार चल रहे टॉप 10 अपराधियों में शामिल वांछित दया रविदास को जमुई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, गरही थाना क्षेत्र के कारीटांड़ निवासी कुख्यात अपराधी दया रविदास को विशेष पुलिस टीम ने शुक्रवार की देर रात गिद्धेश्वर जंगल स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक कट्टा और दो गोली भी बरामद हुए हैं। शनिवार को उक्त जानकारी पुलिस सभागार में हुई प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने दी।

 

गरही के मनवा जंगल से पुलिस ने बरामद किया था तिसरी के दोनों भाइयों का कंकाल

 

बता दें कि तीसरी थाना क्षेत्र के पंदनाटांड़ निवासी मुरारी लाल वर्णवाल के दो पुत्र चंदन वर्णवाल और अंशु वर्णवाल 22 जून 2021 को लापता हो गए थे। दोनों बाइक से डोरंडा के लिए निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद ही दोनों का मोबाइल ऑफ हो गया था। चर्चा थी कि दोनों भाई कर्ज लेकर जमुई के एक बाबा के चक्कर में पड़कर 40 लाख रुपये गंवा चुके थे।

 

बाबा ने दोनों भाइयों को पैसा दोगुना करने का लालच दिया था। इधर, दोनों का मोबाइल ऑफ हो गया और देर शाम तक दोनों घर नहीं लौटे तो स्वजन ने खोजबीन शुरू की। दो दिन बाद दोनों का पर्स गरही डैम के समीप पाया गया था। इसके बाद स्वजन ने खैरा पुलिस को मामले की सूचना दी। बाद में वरीय पदाधिकारियों के हस्तक्षेप पर तीसरी थाने में दोनों के अपहरण का केस दर्ज किया गया था। 25 दिन से अधिक बीत गया और लापता दोनों भाइयों का पता नहीं चल सका था। इसके बाद स्वजन ने दोनों की खोजबीन जारी रखी। 29 दिन बाद 21 जुलाई को दोनों का कंकाल गरही के मनवा जंगल से पुलिस ने बरामद किया था।

आपराधिक वारदात को अंजाम देने गिद्धेश्वर जंगल आया था दया रविदास

 

जमुई एसपी डॉ. शौर्य सुमन बताया कि सूचना मिली थी कि दया रविदास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने गिद्धेश्वर जंगल आया है। सूचना के सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए मेरे निर्देश पर एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। उक्त टीम ने छापेमारी के क्रम में गिद्धेश्वर जंगल स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप से दया रविदास को हथियार सहित गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध 16 संगीन मामले हैं दर्ज

 

उन्होंने बताया कि दया रविदास का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ झारखंड गिरिडीह जिले के लोकाय नयनपुर थाना के अलावा जमुई के खैरा तथा सिकंदरा थाने में 16 संगीन मामले दर्ज हैं। दया रविदास की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। छापेमारी दल में एसडीपीओ के अलावा खैरा थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान, सिकंदरा के पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार, थानाध्यक्ष विजय कुमार, लछुआड़ थानाध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस के जवान शामिल थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement