मुरी एक्सप्रेस के बाद पलामू एक्सप्रेस ट्रेन में भीषण डकैती, डकैतों ने यात्रियों से की मारपीट

 

RANCHI (रांची)।  ओडिशा के सम्भलपुर से जम्मूतवी जाने वाली मुरी एक्सप्रेस में डकैती की घटना के 24 घण्टे के भीतर डकैतों ने झारखंड की एक और ट्रेन को अपना निशाना बनाया। डकैतों ने बरकाकाना से पटना के बीच चलने वाली पलामू एक्सप्रेस में धावा बोला और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।

अनुग्रह नारायण रोड और डेहरी ऑन सोन रेलवे स्टेशन के बीच हथियार बंद डकैतों ने रविवार की देर रात लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। डकैतों ने ट्रेन के स्लीपर कोच S-2 में रात लगभग 12 बजे घुसे और यात्रियों पर हमला और लूटपाट करके फरार हो गए।

लूट का शिकार बने ऊंटारी के एक युवक ने बताया कि वह पटना में रहकर पढाई करता है। रविवार की रात वह उस ट्रेन में सफर कर अपने घर आ रहा था। इसी दौरान रात लगभग 12 बजे 5-6 की संख्या में नकाबपोश डकैतों ने पूरे कोच को अपनी बंदूक की नोंक पर काबू में कर लिया और डकैती की घटना को अंजाम दिया। युवक ने बताया कि डकैतों ने उसके पास से 3500 रुपये नगद और कपडे का बैग लूट लिया। वहीं बोगी में 4 अन्य यात्रियों के साथ भी लूटपाट किया और इस दौरान डकैतों ने उनपर हमला भी किया।

 

घटना की रेलवे पुलिस में भी शिकायत की गई है। जीआरपी ने भी इसकी पुष्टि की है। मामले के बारे में छानबीन की जा रही है। पुलिस टीम डकैतों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement